CM Dhami: मंगलौर को सीएम धामी की सौगात, लिब्बरहेड़ी में बनेगा कन्या डिग्री कॉलेज

CM Dhami: हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास कार्यों की कई सौगात दी हैं। बुधवार को मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में शिक्षा, सड़क और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी कई घोषणाएं कीं। इनमें लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज का नवनिर्माण और गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण प्रमुख है।

मुख्यमंत्री ने नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले के निर्माण की भी घोषणा की। इसके अलावा मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाली सराय राजवाहे की पटरी, टिकौला कलां में सिलाखाला पर तटबंध और ब्रह्मपुर जट में सड़क निर्माण के कार्य भी कराए जाएंगे।
गन्ना मूल्य बढ़ाने पर जल्द निर्णय के संकेत (CM Dhami)
रैली में किसानों से जुड़े मुद्दे भी उठे। गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर साल किसानों के हित में गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती है। पिछले वर्ष भी इसमें वृद्धि की गई थी और इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा। वहीं, ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग पर उन्होंने संबंधित विषय का परीक्षण कराने की बात कही।
सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक हजार से अधिक लोगों को आवास दिए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालय बनाए गए हैं, जबकि 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं।
यह भी पढ़ें: Haridwar: कुंभ-2027 का आगाज! हरिद्वार पहुंचे जूना अखाड़े के रमता पंच
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।
किसानों और युवाओं के लिए सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं (CM Dhami News)
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि लागत कम करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। प्रदेश के किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण दिया जा रहा है। कृषि उपकरणों की खरीद पर फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत 80 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने रोजगार, स्वरोजगार, महिला सशक्तीकरण और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना भी सरकार की प्राथमिकता बताया। मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
