Haridwar: कुंभ की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, पांडेवाला में जूना अखाड़े की धूनियां प्रज्वलित

Haridwar: हरिद्वार में कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच अखाड़ों की पारंपरिक धार्मिक गतिविधियां अब गति पकड़ने लगी हैं। देव दीपावली के अवसर पर नगर प्रवेश करने के बाद श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों ने बुधवार को पांडेवाला स्थित अपने प्रवास स्थल पर धार्मिक गतिविधियां शुरू कर दीं। यहां विधि-विधान से अखाड़े के इष्टदेव को विराजमान कराया गया और चारों दिशाओं में चार मढ़ियों की स्थापना की गई। इसके साथ ही धूनियां प्रज्वलित कर संतों की साधना का क्रम शुरू हो गया।

धूनी, शास्त्र और शस्त्र का विशेष महत्व (Haridwar)
अखाड़े की परंपरा में धूनी को केवल अग्नि नहीं, बल्कि तपस्या, साधना और आध्यात्मिक निरंतरता का प्रतीक माना जाता है। प्रवास स्थल पर पूजा-अर्चना, मंत्रोच्चार, जप और ध्यान के साथ संतों की नियमित दिनचर्या शुरू हो गई है। यहां अखाड़े के पारंपरिक शस्त्र भी स्थापित किए गए हैं। अखाड़ों की परंपरा में शास्त्र ज्ञान और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक हैं, जबकि शस्त्र धर्म और संस्कृति की रक्षा के संकल्प को दर्शाते हैं।
पंडा समाज ने किया रमता पंचों का स्वागत
पांडेवाला में रमता पंचों की जमात के आगमन पर पंचायती धड़ा फिराहेडियान-1200 के पदाधिकारियों ने परंपरानुसार स्वागत किया। संगठन के अध्यक्ष सचिन कौशिक, मंत्री उमाशंकर वशिष्ठ और कोषाध्यक्ष अनिल कौशिक ने अखाड़े के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर प्रवास से जुड़ी व्यवस्थाओं में सहयोग दिया।
मेला प्रशासन ने संतों से की मुलाकात
मेलाधिकारी सोनिका (haridwar kumbh) के निर्देश पर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती और उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह ने पांडेवाला पहुंचकर अखाड़े के संतों और पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान प्रवास स्थल की व्यवस्थाओं, आगामी धार्मिक कार्यक्रमों और कुंभ छावनी की स्थापना को लेकर चर्चा हुई। अधिकारियों ने अखाड़े के साथ समन्वय बनाए रखने की बात कही।
यह भी पढ़ें: Haridwar: कुंभ-2027 का आगाज! हरिद्वार पहुंचे जूना अखाड़े के रमता पंच
सरकार और प्रशासन के प्रयासों की सराहना
जूना अखाड़े के पदाधिकारियों ने कुंभ-2027 की तैयारियों और रमता पंचों के नगर प्रवेश पर किए गए स्वागत के लिए मेला प्रशासन का आभार जताया। अखाड़े के सचिव श्रीमहंत कंचन गिरी ने कहा कि रमता पंचों के नगर प्रवेश के साथ कुंभ की धार्मिक गतिविधियों का आगाज हो चुका है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कुंभ के दिव्य एवं भव्य आयोजन के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। अखाड़े ने आयोजन को सफल बनाने में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
आगे होंगे धर्मध्वजा स्थापना और पेशवाई के आयोजन (Haridwar News)
अखाड़े के अनुसार आगामी दिनों में परंपरा के मुताबिक धर्मध्वजा स्थापना, पेशवाई और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जूना अखाड़े के रमता पंचों के प्रवास के साथ शुरू हुई गतिविधियों के बाद अब अन्य अखाड़ों की ओर से भी कुंभ से जुड़ी धार्मिक परंपराएं शुरू होने की उम्मीद है। इससे कुंभनगरी हरिद्वार में साधु-संतों की मौजूदगी और धार्मिक गतिविधियों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी।
