Haridwar News: भगवानपुर में वाहन स्क्रैपिंग सेंटर पर बड़ी कार्रवाई

Haridwar News: हरिद्वार जिले के भगवानपुर स्थित एक वाहन स्क्रैपिंग सेंटर में निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। सिकन्दरपुर भैंसवाल स्थित मैसर्स RAG Engines Pvt. Ltd. में सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और निर्धारित तकनीकी मानकों से जुड़ी कई खामियां मिलने के बाद आरटीओ प्रशासन ने केंद्र का संचालन बंद करा दिया है। सुधारात्मक कार्रवाई और आगामी निर्देशों तक सेंटर में वाहन स्क्रैपिंग से संबंधित सभी गतिविधियां बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।

औचक निरीक्षण में खुलीं व्यवस्थाओं की कमियां (Haridwar News)
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), देहरादून संभाग संदीप सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एआरटीओ (प्रशासन) हरिद्वार निखिल शर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) रुड़की कृष्ण पलड़िया और एआरटीओ (प्रशासन) रुड़की जितेन्द्र चन्द मौजूद रहे।
जांच के दौरान सेंटर संचालक निर्धारित मानकों के अनुसार कार्यरत कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध नहीं करा सका। इसके अलावा अधिकांश आवश्यक मशीनें मौके पर मौजूद नहीं थीं। जो मशीनें उपलब्ध थीं, वे भी कर्मचारियों के अनुसार पिछले कई महीनों से काम नहीं कर रही थीं। वाहन उठाने के लिए लगाई गई लिफ्ट भी क्रियाशील नहीं मिली।
तेल और हानिकारक पदार्थों के निस्तारण में लापरवाही
निरीक्षण में वाहनों से निकलने वाले तेल, ईंधन और अन्य हानिकारक तरल पदार्थों को सुरक्षित तरीके से निकालने, रखने और निस्तारित करने की व्यवस्था में गंभीर कमियां पाई गईं। बैटरी, एसी गैस और इलेक्ट्रॉनिक कचरे के प्रबंधन की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली।
यह भी पढ़ें: CM Dhami: मंगलौर को सीएम धामी की सौगात, लिब्बरहेड़ी में बनेगा कन्या डिग्री कॉलेज
वहीं, परिसर में स्क्रैप और टूटे हुए शीशे अव्यवस्थित तरीके से जमीन पर बिखरे हुए थे। अग्निशमन उपकरणों और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजामों का भी अभाव पाया गया।
अभिलेख और प्रशिक्षित कर्मचारियों की भी कमी
जांच टीम को वाहन स्क्रैपिंग, सामग्री के भंडारण और अपशिष्ट निस्तारण से संबंधित जरूरी अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए गए। निर्धारित मानकों के अनुरूप तकनीकी रूप से प्रशिक्षित कर्मचारी भी मौके पर नहीं मिले। मौजूद कर्मचारी और श्रमिक संचालन तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
अन्य स्क्रैपिंग सेंटरों की भी होगी जांच (Haridwar News Today)
पर्यावरण और जनसुरक्षा को संभावित खतरे को देखते हुए केंद्र पर वाहन स्क्रैपिंग, विखंडन और अन्य संचालन संबंधी गतिविधियों को अगले आदेश तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण रिपोर्ट में संचालक से स्पष्टीकरण लेने, दस्तावेजों का सत्यापन कराने और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से तकनीकी जांच कराने की संस्तुति की गई है।
इसके साथ ही एआरटीओ हरिद्वार और रुड़की को एक सप्ताह के भीतर जिले के अन्य वाहन स्क्रैपिंग सेंटरों का भी निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित होने के बाद ही सेंटरों का संचालन किया जाना चाहिए।
