Haridwar: मीठीबेरी महाविद्यालय में छात्रों को सिखाई स्व-गणना की प्रक्रिया

Haridwar: भारत की जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां और जागरूकता अभियान तेज होने लगे हैं। इसी क्रम में हरिद्वार के लालढांग स्थित राजकीय मॉडल महाविद्यालय मीठीबेरी में स्व-गणना जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं और महाविद्यालय के कर्मचारियों को जनगणना के महत्व के साथ ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई।

जनगणना के आंकड़ों से तय होती हैं विकास योजनाएं (Haridwar)
कार्यशाला में महाविद्यालय की प्राचार्य अर्चना गौतम ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने के साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी इस राष्ट्रीय अभियान के प्रति जागरूक करने की अपील की।
यह भी पढ़ें: Haridwar News: भगवानपुर में वाहन स्क्रैपिंग सेंटर पर बड़ी कार्रवाई
डिजिटल माध्यम से खुद दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण
जिला फील्ड ट्रेनर डॉ. शिवा अग्रवाल ने बताया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गिनती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनगणना-2027 में स्व-गणना की सुविधा डिजिटल व्यवस्था की दिशा में एक अहम पहल है। इसके माध्यम से नागरिक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार, पड़ोसियों और रिश्तेदारों को इस प्रक्रिया के बारे में जानकारी देने तथा स्व-गणना के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षकों ने समझाए ऑनलाइन प्रक्रिया के चरण
कार्यशाला में जिला प्रशिक्षक रवि कुमार गोस्वामी और शरद भारद्वाज ने विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय स्टाफ को स्व-गणना की व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल पर प्रवेश करने, आवश्यक विवरण भरने और परिवार से संबंधित जानकारियां दर्ज करने के विभिन्न चरणों को विस्तार से समझाया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि डिजिटल माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं।
जागरूकता अभियान में सहयोग का लिया संकल्प (Haridwar News)
कार्यशाला में प्रो. सत्येंद्र कुमार, निवेदिता प्रियदर्शिनी, डॉ. अरविंद वर्मा, डॉ. विनोद उनियाल, डॉ. बी.आर. भट्टी, डॉ. शशिधर, श्रीमती पूनम और श्री सूरज सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों ने जनगणना-2027 की स्व-गणना प्रक्रिया को लेकर जागरूकता फैलाने और अपने आसपास के लोगों को इस राष्ट्रीय अभियान से जोड़ने में सहयोग करने का संकल्प लिया।
