Badrinath News: समिति के मुख्य कार्याधिकारी ने दिए चढ़ावे का पूरा रिकॉर्ड रखने के निर्देश
Badrinath News: बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने अपनी कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए कदम उठाए हैं। समिति के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) सोहन सिंह रांगड़ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न मंदिरों, गेस्ट हाउसों और विद्यालयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
चढ़ावे का पूरा रिकॉर्ड रखने के निर्देश (Badrinath News)
बैठक में सीईओ ने बदरीनाथ, केदारनाथ, ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर, ज्योतिर्मठ के नृसिंह मंदिर समेत सभी अधीनस्थ मंदिरों में तैनात अधिकारियों को पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिरों में मिलने वाले चढ़ावे का नियमित रूप से अभिलेख तैयार किया जाए और उसकी गणना निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए।
यह भी पढ़ें: CM Dhami: कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियां समय पर पूरी करें- मुख्यमंत्री धामी
24 घंटे चालू रहेंगे सीसीटीवी कैमरे
सोहन सिंह रांगड़ ने सभी मंदिर परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों को चौबीसों घंटे संचालित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे मंदिरों की गतिविधियों की प्रभावी निगरानी होगी और व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनी रहेगी।
विद्यालयों और गेस्ट हाउसों पर भी रहेगा फोकस (Badrinath News Today)
बैठक में मंदिर समिति द्वारा संचालित विद्यालयों में कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। वहीं, चमोली और रुद्रप्रयाग जिले के यात्रा पड़ावों पर संचालित बीकेटीसी के गेस्ट हाउसों के प्रबंधकों को भी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

