CM Dhami: कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियां समय पर पूरी करें- मुख्यमंत्री धामी
CM Dhami: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि यात्रा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
‘सुरक्षित, सुव्यवस्थित और स्वच्छ कांवड़’ पर जोर (CM Dhami)
मेला नियंत्रण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा उत्तराखंड की आस्था और प्रशासनिक क्षमता का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों से “सुरक्षित कांवड़, सुव्यवस्थित कांवड़ और स्वच्छ कांवड़” के लक्ष्य के साथ कार्य करने को कहा। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के स्वागत, भंडारों की व्यवस्था और महिला श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त संख्या में पिंक टॉयलेट स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
यह भी पढ़ें: CM Dhami Haridwar: आज हरिद्वार दौरे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था होगी मजबूत
मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और एआई आधारित निगरानी प्रणाली का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीआईपी मूवमेंट के कारण श्रद्धालुओं की यात्रा प्रभावित नहीं होनी चाहिए और ट्रैफिक प्लान का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए।
स्वास्थ्य, स्वच्छता और आपदा प्रबंधन पर विशेष फोकस (CM Dhami News)
बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रमुख पड़ावों पर मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। घाटों पर वाटर एंबुलेंस तैनात करने तथा एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस और अग्निशमन विभाग को पूरी तरह अलर्ट रखने को कहा। उन्होंने पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और नियमित सफाई अभियान चलाने के साथ नो-प्लास्टिक अभियान को भी प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
खाद्य गुणवत्ता और अतिक्रमण पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने होटलों, ढाबों और अन्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखने और निर्धारित मानकों से अधिक ऊंची कांवड़ तथा तेज ध्वनि वाले डीजे वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा।
महाकुंभ-2027 की तैयारियां भी रहेंगी जारी (Haridwar News)
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान महाकुंभ-2027 की तैयारियां प्रभावित नहीं होनी चाहिए। दोनों कार्यों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए विकास कार्य निर्धारित समय पर पूरे किए जाएं। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव दिए, जबकि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने हरिद्वार में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की।

