Haridwar: हरकी पैड़ी से पोस्ट ऑफिस तक अतिक्रमण हटाने का अभियान

Haridwar: दीपावली पर्व और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के मद्देनजर हरिद्वार में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। बाजारों और प्रमुख मार्गों पर सुचारु आवागमन तथा आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को हरकी पैड़ी से पोस्ट ऑफिस तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान दुकानों के आगे निर्धारित पीली पट्टी के बाहर रखे गए सामान को हटवाया गया।
पीली पट्टी के बाहर सामान रखने पर कार्रवाई की चेतावनी (Haridwar)
अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी ने दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों को निर्देश दिए कि सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित पीली पट्टी के बाहर न तो सामान रखा जाए और न ही दुकान संचालित की जाए।
यह भी पढ़ें: Haridwar: नगर निगम, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और समाजसेवियों ने चलाया स्वच्छता अभियान
उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों का सामान जब्त किया जा सकता है और उनके खिलाफ चालान सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के चालान की कार्रवाई भी की जाएगी।
बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने की अपील
प्रशासन के अनुसार, दीपावली के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने के कारण सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखना जरूरी है, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और सुरक्षा व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।
बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील (Haridwar News)
सिटी मजिस्ट्रेट ने दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
