Haridwar: मिठाई निर्माण इकाइयों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी

Haridwar: दीपावली के त्योहार को देखते हुए हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई निर्माण इकाइयों की निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने धनपुरा, पदार्था और सुल्तानपुर क्षेत्र में मिठाई बनाने वाली पांच इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न मिठाइयों के आठ नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। निरीक्षण में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग से जुड़ी कमियां भी सामने आईं, जिन पर संबंधित इकाइयों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

यह अभियान खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर चलाया जा रहा है। सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और योगेंद्र पांडेय की टीम ने कार्रवाई की।
बताशा से डोडा बर्फी तक, 8 नमूने जांच के लिए भेजे (Haridwar)
निरीक्षण के दौरान टीम ने बताशा के दो नमूने और गुलाब जामुन, मिल्क केक, मावा बर्फी, सफेद रसगुल्ला तथा डोडा बर्फी का एक-एक नमूना संग्रहित किया। सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इनकी गुणवत्ता को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।
मिठाई के डिब्बों पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि लिखना जरूरी
धनपुरा स्थित गुप्ता मिष्ठान भंडार और मुस्कान फूड प्रोडक्ट्स को खाद्य लाइसेंस में मिठाइयों की उचित फूड कैटेगरी शामिल करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मिठाइयों के टीन और प्लास्टिक के डिब्बों पर निर्माण तिथि तथा एक्सपायरी तिथि अंकित करने को कहा गया।
विभाग ने स्पष्ट किया कि संबंधित विवरण दर्ज करने के बाद ही मिठाइयों की बाजार में बिक्री और आपूर्ति की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को खाद्य उत्पादों से जुड़ी जरूरी जानकारी मिल सके।
गंदगी मिलने पर बताशा निर्माण इकाई को नोटिस (Haridwar News)
निरीक्षण के दौरान एक बताशा निर्माण इकाई के निर्माण और भंडारण स्थल पर गंदगी मिली। मशीनों की साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर विभाग ने संबंधित इकाई को नोटिस जारी करते हुए एक दिन के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही, साफ-सफाई संबंधी कमियां दूर करने के बाद ही मिठाई का निर्माण और बिक्री करने को कहा गया।
वहीं, कार्रवाई की जानकारी मिलने पर एक रसगुल्ला निर्माण इकाई का मालिक इकाई बंद कर मौके से चला गया। इस कारण वहां विभागीय कार्रवाई नहीं हो सकी।
दीपावली तक जारी रहेगा विशेष अभियान
त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज किया है। विभाग के अनुसार, जनपद के विभिन्न क्षेत्रों और सीमाओं पर प्रतिष्ठानों का निरीक्षण तथा खाद्य पदार्थों के नमूने लेने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
