Haridwar: कुंभ मेले में पर्यावरण मित्रों के मानदेय से लेकर आवास तक का मुद्दा उठा

हरिद्वारहेल्थ

Haridwar: कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के बीच सफाई कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों की समस्याओं को लेकर रविवार को डामकोठी में बैठक हुई। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष संतोष गौरव ने कुंभ मेला एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ कर्मचारियों के मानदेय, आवास, खान-पान, भर्ती और वेतन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने मेला अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

500 रुपये प्रतिदिन के मानदेय पर उठे सवाल (Haridwar News)

बैठक में आगामी कुंभ मेले के लिए दिसंबर में प्रस्तावित पर्यावरण मित्रों की भर्ती का मुद्दा प्रमुखता से उठा। संतोष गौरव ने कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले कर्मचारियों के लिए 500 रुपये प्रतिदिन के प्रस्तावित मानदेय पर काम करना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने मानदेय बढ़ाने के साथ आने-जाने के किराये, उचित आवास और खान-पान की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत बताई। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। मानदेय में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किए जाने की बात भी उन्होंने कही।

यह भी पढ़ें: Haridwar: पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने उर्मिला सनावर को पहचानने से किया इंकार

मृतक आश्रितों की नियुक्ति में योग्यता का मुद्दा

बैठक में मृतक आश्रितों की नियुक्ति को लेकर भी चर्चा हुई। संतोष गौरव ने बताया कि कुछ मामलों में इंटरमीडिएट और स्नातक तक शिक्षित अभ्यर्थियों को पर्यावरण मित्र के पद पर नियुक्त किए जाने की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे मामलों की जांच करने और शासनादेश के अनुरूप पात्र अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षिक योग्यता के अनुसार लिपिक पद पर नियुक्ति देने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा।

ठेका कर्मचारियों के वेतन पर भी जोर (Haridwar News Today)

बैठक में ठेके पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने की समस्या भी उठाई गई। आयोग के उपाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को वेतन भुगतान समय से सुनिश्चित करने और कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।

कुंभ मेले की तैयारियों के बीच इन मुद्दों पर अब अधिकारियों की अगली बैठक और प्रस्तावित भर्ती से पहले समस्याओं के समाधान की दिशा में होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media