Haridwar Kawar Mela: प्रेस क्लब में DM और SSP ने दी कावड़ मेले से जुड़ी जानकारी
Haridwar Kawar Mela: कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और हरिद्वार पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार मेले में पहली बार साइबर कमांडो तैनात किए जाएंगे, जो सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखेंगे और फर्जी, भ्रामक व एआई जनरेटेड वीडियो पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। यह जानकारी सोमवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने दी।
कांवड़ मेले की सभी व्यवस्थाएं पूरी (Haridwar Kawar Mela)
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सेक्टरवार अधिकारियों की तैनाती की गई है। जहां भी किसी व्यवस्था में कमी मिलेगी, उसे तुरंत दुरुस्त किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू हो चुकी है और बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंच रहे हैं। इस वर्ष मानसून, राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्माण कार्य और कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच मेले का सफल संचालन प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण है, लेकिन सभी विभाग पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहे हैं।
30 जुलाई से स्कूलों में अवकाश, ऑनलाइन होंगी कक्षाएं
जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ मेले (haridwar kawar mela 2026) को देखते हुए 30 जुलाई से 11 अगस्त तक विद्यालयों में अवकाश रहेगा। इस दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने, ढाबों और दुकानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित कराने तथा खाद्य गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने का कार्य भी जारी है।
पहली बार साइबर कमांडो करेंगे सोशल मीडिया की निगरानी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बदलते समय के साथ कांवड़ मेले की सुरक्षा रणनीति को भी आधुनिक बनाया गया है। इस बार पहली बार साइबर कमांडो सोशल मीडिया पर सक्रिय रहेंगे और वायरल होने वाले भ्रामक, फर्जी तथा एआई जनरेटेड वीडियो की लगातार निगरानी करेंगे।
उन्होंने बताया कि सामान्य भ्रामक सामग्री पर 36 घंटे के भीतर, जबकि एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो पर लगभग 3 घंटे के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।
डीजे वाहनों और सुरक्षा व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस (Haridwar News)
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि डीजे वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुसार ही अनुमति दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसके अलावा अन्य जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल भी हरिद्वार बुलाया गया है ताकि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
उन्होंने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को कांवड़ यात्रा से अलग रखा जाएगा, जबकि श्रद्धालु मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे मार्ग का उपयोग करेंगे। इस संबंध में विभिन्न राज्यों के प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जा चुका है।
प्रेस वार्ता में प्रशासन और मीडिया के बीच हुआ संवाद
प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए विभिन्न सवालों के जवाब जिलाधिकारी और एसएसपी ने दिए। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने प्रशासन और मीडिया के बीच नियमित संवाद को जनहित के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब की ओर से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

