Haridwar: गोवंश को बेसहारा छोड़ने वाले पशुपालकों पर लगेगा जुर्माना

Haridwar: हरिद्वार में गोवंश के संरक्षण और सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने अब व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। उत्तराखंड गोसेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. पं. राजेंद्र प्रसाद अणथ्वाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निराश्रित गोवंश की व्यवस्था के साथ-साथ उन्हें सड़क पर बेसहारा छोड़ने वाले पशुपालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। ऐसे पशुपालकों पर अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी विकासखंडों में तैयार होंगी गोशालाएं (Haridwar)
जिला कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में गोसेवा आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि जिले के सभी विकासखंडों में जरूरत के अनुसार निराश्रित और आवारा गोवंश के लिए गोशालाओं की व्यवस्था की जाए। इसके लिए सुरक्षित स्थानों का चयन करने और गोशालाओं में पर्याप्त मात्रा में भूसा व चारे के भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
Haridwar Kumbh: 14.70 किलोमीटर आंतरिक सड़कों का होगा कायाकल्प
रात में हादसों से बचाने के लिए रेडियम कॉलर
सड़कों पर घूमने वाले गोवंश को लेकर एक अहम निर्देश सड़क सुरक्षा से जुड़ा रहा। अधिकारियों को सड़क पर घूम रहे गोवंश के गले में रेडियम रिफ्लेक्टर कॉलर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे रात के समय वाहन चालकों को सड़क पर मौजूद गोवंश दूर से दिखाई दे सकेगा और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।
गोवंश का तैयार होगा अपडेटेड डाटा
बैठक में नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों और पशु चिकित्सा विभाग को जिले में मौजूद गोवंश का समुचित डाटा तैयार कर नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। पशुपालकों से अपने पशुओं का अनिवार्य पंजीकरण कराने को कहा गया, ताकि उन्हें पशु बीमा सहित सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
टैगिंग और निगरानी पर भी जोर (Haridwar News)
गोशाला संचालकों को सभी गोवंश की टैगिंग सुनिश्चित करने और संबंधित जानकारी उत्तराखंड पशु कल्याण बोर्ड पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। वहीं, गोवंश से जुड़ी दुर्घटनाओं और गोकसी के मामलों की रोकथाम के लिए प्रभावी निगरानी और आवश्यक कार्रवाई पर भी जोर दिया गया।
अध्यक्ष ने कहा कि गोवंश संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसमें सामाजिक संगठनों और आमजन की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से गोसेवा और गोवंश संरक्षण में सक्रिय सहयोग की अपील की।
