Haridwar News: हरिद्वार में केंद्रीय मंत्री वी. सोमन्ना का निरीक्षण

Haridwar News: केंद्रीय जल शक्ति एवं रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने बुधवार को आकांक्षी जनपद हरिद्वार का भ्रमण कर स्वच्छता और पेयजल से जुड़ी योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बहादराबाद स्थित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट और जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित सुल्तानपुर माजरी पेयजल योजना का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को पेयजल योजनाओं का शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने के साथ उनकी गुणवत्ता, नियमित संचालन और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्लास्टिक कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया जानी (Haridwar News)
ग्राम पंचायत बहादराबाद स्थित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट के निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, प्रसंस्करण और निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने स्वजल और जिला पंचायत विभाग के अधिकारियों को अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा स्वच्छता कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने सफाई कार्यों में इस्तेमाल किए जा रहे वैक्यूम सक्शन वाहन का भी निरीक्षण किया और इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
ग्रामीणों से जाना पेयजल आपूर्ति का हाल
इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने सुल्तानपुर माजरी में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पेयजल योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर पानी की गुणवत्ता, उपलब्धता और नियमित आपूर्ति के बारे में जानकारी ली। साथ ही, ग्रामीणों से पेयजल योजना के संरक्षण और रखरखाव में सहयोग करने की अपील की।
यह भी पढ़ें: Haridwar: शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान शुरू
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल योजनाओं के संचालन से जुड़े कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए। ग्राम स्तर पर गठित पेयजल एवं स्वच्छता समितियों को भी योजनाओं की देखरेख और रखरखाव के लिए प्रशिक्षित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को लगातार पेयजल का लाभ मिल सके।
15 दिन तक परखी जाएगी योजनाओं की कार्यप्रणाली
जल शक्ति मंत्रालय के संयुक्त सचिव डी. सेंथिल पांडियन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवनिर्मित पेयजल योजनाओं को विभागीय स्तर पर 15 दिनों तक संचालित कर उनकी कार्यप्रणाली का परीक्षण किया जाए। इस दौरान सामने आने वाली कमियों को चिह्नित कर उनका समाधान किया जाए, ताकि योजनाओं को सुचारू रूप से शुरू किया जा सके।
डामकोठी में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक (Haridwar News Today)
निरीक्षण के बाद केंद्रीय मंत्री ने डामकोठी में अधिकारियों के साथ बैठक कर जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और निर्माण की गुणवत्ता के साथ संचालन एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इस अवसर पर ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने केंद्रीय मंत्री को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का संबंधित अधिकारियों से अनुपालन कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जल जीवन मिशन और पेयजल विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा ग्रामीण मौजूद रहे।
