Haridwar: शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान शुरू

Haridwar: आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान की शुरुआत बुधवार को हरकी पौड़ी से हुई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में शुरू हुए अभियान में विभिन्न संस्थाओं और नगर निगम की टीमों ने भाग लिया। अभियान 7 नवंबर तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा।
हरकी पौड़ी से हुई अभियान की शुरुआत (Haridwar)
स्वच्छता अभियान का उद्देश्य गंगा घाटों, सार्वजनिक स्थलों और उनके आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है। अभियान के शुभारंभ पर श्रीगंगा सभा, नगर निगम, पर्यावरण मित्रों और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि हरिद्वार विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी है, जहां देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में गंगा की पवित्रता बनाए रखने के साथ ही धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को साफ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
7 नवंबर तक शहर से गांवों तक चलेगा अभियान
प्रशासन की ओर से यह विशेष अभियान केवल हरकी पौड़ी और गंगा घाटों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी सफाई की जाएगी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों, संत समाज, जनप्रतिनिधियों, औद्योगिक इकाइयों और आमजन से अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया है।
यह भी पढ़ें: Haridwar: हरिद्वार में धूमधाम से मनाया गया दशहरा
प्रशासन का कहना है कि सामूहिक प्रयासों से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ हरिद्वार को कुंभ मेले के लिए बेहतर तरीके से तैयार किया जा सकता है।
पहले दिन एकत्रित किया गया 2 क्विंटल कूड़ा (Haridwar News)
नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की के अनुसार, अभियान के पहले दिन करीब 2 क्विंटल सूखा और गीला कूड़ा एकत्रित किया गया। उन्होंने लोगों से नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में सहयोग करने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।
राज्य मंत्री एवं श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने भी धार्मिक संस्थानों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से अभियान में भागीदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि तीर्थनगरी की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने के लिए जनभागीदारी जरूरी है।
अब अभियान के तहत 7 नवंबर तक जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई गतिविधियां संचालित की जाएंगी। कुंभ-2027 को देखते हुए इस पहल का उद्देश्य हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।
