Haridwar: धनोरी में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत

Haridwar: हरिद्वार जिले के धनोरी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय स्कूटी सवार युवक की जान चली गई। एनआईसी कॉलेज के पास सामने से आ रहे ट्रक और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

टक्कर के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी (Haridwar)
जानकारी के अनुसार, दौलतपुर निवासी अनुज शनिवार सुबह स्कूटी से कहीं जा रहा था। इसी दौरान जब वह धनोरी स्थित एनआईसी कॉलेज के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: Haridwar: कुंभ-2027 में हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर नहीं लगेगा भीड़ का दबाव
पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलते ही कलियर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दुर्घटना के बाद फरार हुए ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।
ट्रक नंबर से मालिक की जानकारी जुटा रही पुलिस (Haridwar News)
कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मृतक की पहचान दौलतपुर निवासी अनुज के रूप में हुई है। ट्रक के नंबर के आधार पर उसके मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
