हरिद्वार

Haridwar News: वनकर्मियों पर हमला करने वाले आरोपी को नहीं मिली राहत

Haridwar News: वनकर्मियों पर हमला करने और जाली नोट छापकर उनकी सप्लाई करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी देवेंद्र कुमार को अदालत से राहत नहीं मिली है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र दत्त की अदालत ने आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी। देवेंद्र कुमार उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र के सरदारपुर गांव का निवासी है। उसके खिलाफ श्यामपुर थाने में दर्ज मुकदमे की सुनवाई के दौरान यह आदेश पारित किया गया।

गश्त के दौरान वनकर्मियों पर हुआ था हमला (Haridwar News)

अभियोजन पक्ष के अनुसार, 27 जून को श्यामपुर बीट क्षेत्र में गश्त कर रहे वनकर्मियों ने एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया था। आरोप है कि कार में सवार लोगों ने वीडियो बनाए जाने का विरोध करते हुए वनकर्मियों का मोबाइल छीनकर गंगनहर में फेंक दिया और लोहे के पाइप से उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनके कब्जे से नकली नोट भी बरामद हुए थे।

यह भी पढ़ें: Khatima News: मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में एक बुजुर्ग की मौत

जांच में सामने आया जाली नोट छापने वाला गिरोह

पुलिस जांच आगे बढ़ने पर जाली नोट छापने और उनकी सप्लाई करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ। जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। इसी कड़ी में देवेंद्र कुमार की गिरफ्तारी हुई।

लैपटॉप, प्रिंटर और नकली नोट बरामद होने का दावा (Haridwar News Today)

पुलिस का दावा है कि देवेंद्र कुमार के कब्जे से एक लैपटॉप, प्रिंटर, बटर पेपर और ₹50 हजार के नकली नोट बरामद किए गए। इन बरामदगियों के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गईं।

यह भी पढ़ें: UTU Paper Leak: उत्तराखंड में फिर हुआ पेपर लीक! आखिर कब कसेगा शिकंजा?

अदालत ने जमानत देने से किया इनकार

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने आरोपी को झूठा फंसाए जाने की दलील दी। वहीं, डीजीसी (क्रिमिनल) इंद्रपाल बेद ने जमानत का विरोध करते हुए मामले की गंभीरता को अदालत के सामने रखा। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने आरोपी देवेंद्र कुमार की जमानत याचिका खारिज कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media