हरिद्वारहेल्थ

Haridwar News: हरिद्वार में नकली पनीर पर बड़ी कार्रवाई, 50 किलो पनीर नष्ट

Haridwar News: कांवड़ मेले के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार में बड़ी कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर श्यामपुर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कांगड़ी स्थित एक डेयरी पर छापेमारी कर संदिग्ध तरीके से तैयार किया गया पनीर बरामद किया। कार्रवाई के दौरान करीब 50 किलोग्राम पनीर और बड़ी संख्या में मिल्क पाउडर के खाली पैकेट मिले। खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर और दूध के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

दूध पाउडर और फॉस्फेट से पनीर बनाने की बात आई सामने

श्यामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा को मिली सूचना के आधार पर टीम ने कांगड़ी स्थित गुर्जर डेयरी में छापा मारा। जांच के दौरान बिक्री के लिए रखा लगभग 50 किलोग्राम पनीर बरामद हुआ। पूछताछ में मौके पर मौजूद डेयरी संचालक के भाई सराफत अली ने बताया कि पनीर तैयार करने में दूध पाउडर और फॉस्फेट का इस्तेमाल किया गया था। टीम ने मौके से करीब 50 खाली मिल्क पाउडर पैकेट भी बरामद कर जब्त कर लिए।

यह भी पढ़ें: Haridwar Kawar Mela: प्रेस क्लब में DM और SSP ने दी कावड़ मेले से जुड़ी जानकारी

49 किलो पनीर मौके पर कराया गया नष्ट

खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच के लिए पनीर और निर्माण में उपयोग किए गए दूध के नमूने लेकर उन्हें राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिया। इसके बाद शेष करीब 49 किलोग्राम पनीर को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया, ताकि वह बाजार में न पहुंच सके।

खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नोटिस जारी

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि डेयरी संचालक रिटेल लाइसेंस पर ही दुग्ध उत्पादों का निर्माण कर रहा था, जो नियमों के विपरीत है। अनियमितताएं मिलने पर डेयरी संचालक इमादत अली और उनके भाई सराफत अली को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नोटिस जारी किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों और अवैध निर्माण इकाइयों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media