उत्तराखंडहरिद्वार

Haridwar: बारिश के कारण डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारीयों को दिए निर्देश

Haridwar: जनपद हरिद्वार में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागीय एवं प्रशासनिक अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं, कांवड़ियों और नदी किनारे रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

हर क्षेत्र में निगरानी, राहत कार्य में नहीं होनी चाहिए देरी (Haridwar)

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कहीं जलभराव, सड़क अवरुद्ध होने, भूस्खलन या अन्य आपदा जैसी स्थिति उत्पन्न होती है तो संबंधित अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करें। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

जलभराव वाले इलाकों में तत्काल जल निकासी के आदेश

डीएम ने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या सामने आ रही है, वहां तत्काल प्रभाव से जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को परेशानी से बचाना और यातायात को सुचारु बनाए रखना है।

सरकारी और निजी संपत्तियों के नुकसान का होगा तत्काल आकलन (Haridwar News)

बारिश के कारण यदि किसी सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, तो संबंधित विभागों को तुरंत उसका आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट जिला आपदा कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि समय पर सूचना मिलने से राहत कार्यों में तेजी लाई जा सकेगी।

श्रद्धालुओं और कांवड़ियों से गंगा घाटों पर सतर्क रहने की अपील

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं, शिवभक्तों और कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के चलते गंगा घाटों और नदी तटों पर अतिरिक्त सावधानी बरतें। उन्होंने तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने, प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाने की सलाह दी।

यह भी पढ़ें: Haridwar News: हरिद्वार में नकली पनीर पर बड़ी कार्रवाई, 50 किलो पनीर नष्ट

नदी किनारे रहने वाले लोग भी रहें सतर्क

प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अनावश्यक रूप से नदी के समीप न जाने की सलाह दी है। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम रखने के लिए पूरी तैयारी के साथ कार्य करें।

प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें, मौसम और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत जिला प्रशासन या आपदा कंट्रोल रूम को दें। प्रशासन का कहना है कि सभी विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media