Haridwar Update: पनीर बनाने वाली इकाई पर छापा, 10 कुंतल खाद्य पदार्थ नष्ट

Haridwar Update: नवरात्र और दीपावली के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लक्सर के संघीपुर गढ़ी स्थित एक पनीर निर्माण इकाई पर छापेमारी के दौरान करीब 10 कुंतल खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए। विभाग ने इकाई को अग्रिम आदेशों तक बंद कराने के साथ उसका खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है।

पामोलीन ऑयल और मिल्क पाउडर से बन रहा था पनीर (Haridwar Update)
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने 13 अक्टूबर की मध्य रात्रि और 14 अक्टूबर की सुबह इकाई पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर करीब 3 कुंतल तैयार पनीर और 6 कुंतल सेमी प्रोसेस्ड पनीर मिला।
जांच में स्किम्ड मिल्क पाउडर और पामोलीन ऑयल का इस्तेमाल कर पनीर बनाए जाने की जानकारी सामने आई। विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड में 7 अगस्त 2026 को एनालॉग पनीर के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया था।
गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया खाद्य पदार्थ
कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने मौके पर ही निम्न सामग्री नष्ट कराई:
- करीब 3 कुंतल तैयार पनीर।
- करीब 6 कुंतल सेमी प्रोसेस्ड पनीर।
- 90 किलोग्राम पामोलीन ऑयल।
इस तरह लगभग 10 कुंतल खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए। इसके अलावा मौके से तेल के टिन और स्किम्ड मिल्क पाउडर के खाली बोरे भी मिले।
संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू
खाद्य सुरक्षा विभाग ने इकाई संचालक ताजिम पुत्र फैयाज, निवासी संघीपुर गढ़ी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके से पनीर और पामोलीन ऑयल के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे गए हैं।
यह भी पढ़ें: Haridwar News: नवंबर से शुरू हो सकता है जनसंख्या गणना का काम
अधिकारियों के नेतृत्व में हुई छापेमारी (Haridwar Update News)
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर उपायुक्त गढ़वाल राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे। पुलिस बल ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।
