Haridwar: ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर में 675 नागरिकों ने किया प्रतिभाग

Haridwar: हरिद्वार जिले के भगवानपुर विकासखंड स्थित अटल उत्कर्ष कन्या इंटर कॉलेज, बुग्गावाला में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में 675 नागरिकों ने प्रतिभाग किया, जबकि 615 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
एक ही जगह मिली योजनाओं की जानकारी (Haridwar)
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित शिविर में 25 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। यहां क्षेत्रवासियों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, पात्र लाभार्थियों के आवेदन भी प्राप्त किए गए, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना और उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना रहा।
56 शिकायतें मिलीं, 39 का मौके पर समाधान
शिविर के दौरान नागरिकों की कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 39 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतें संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गईं।
यह भी पढ़ें: Haridwar: अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
इस दौरान राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया।
शिकायतों पर लापरवाही न बरतने के निर्देश (Haridwar News)
शिविर में राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने भी अधिकारियों को शिकायतों और आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों से आपसी समन्वय बनाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने को कहा।
उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी ने आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
