Haridwar: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, नोडल अधिकारी नियुक्त

Haridwar: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने 29 प्रमुख कार्यों के लिए नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। इस संबंध में आदेश जारी कर अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

मतदान से लेकर ईवीएम प्रबंधन तक जिम्मेदारी तय (Haridwar)
निर्वाचन के दौरान मतदान और मतगणना कार्मिकों की व्यवस्था की जिम्मेदारी मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र को दी गई है। वहीं, प्रशिक्षण व्यवस्था के लिए जिला कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी अमरेंद्र चौधरी और जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अभिषेक शुक्ला को नोडल अधिकारी बनाया गया है। ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के प्रबंधन की जिम्मेदारी ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार को सौंपी गई है।
मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) की निगरानी भी मुख्य विकास अधिकारी करेंगे। मतदान केंद्रों पर पेयजल, सफाई, प्रकाश और अन्य न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
यह भी पढ़ें: Haridwar: मिठाई निर्माण इकाइयों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी
सुरक्षा, परिवहन और आचार संहिता पर विशेष नजर
निर्वाचन के दौरान यातायात एवं परिवहन व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता और रिटर्निंग अधिकारियों को सौंपी गई है। विधि व्यवस्था और सुरक्षा योजना के लिए अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार नोडल अधिकारी होंगे। आदर्श आचार संहिता के अनुपालन की जिम्मेदारी नगर आयुक्त नंदन कुमार को दी गई है। वहीं, चुनावी खर्च की निगरानी वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार करेंगे।
शिकायतों और मीडिया प्रबंधन की भी होगी निगरानी (Haridwar News)
निर्वाचन संबंधी मीडिया एवं सूचना व्यवस्था के लिए जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नियंत्रण कक्ष, हेल्पलाइन और शिकायत निवारण प्रणाली की जिम्मेदारी जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत और सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा को दी गई है।
इसके अलावा मतदाता सूची, दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा, वीडियोग्राफी, जीपीएस ट्रैकिंग, खानपान, टेंट, फर्नीचर और लॉजिस्टिक व्यवस्था सहित अन्य कार्यों के लिए भी अधिकारियों की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से जिम्मेदारियां पूरी करने और नियमित प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
