Haridwar: युवा महोत्सव का रंगारंग आगाज, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने किया शुभारंभ

Haridwar: हरिद्वार के ऋषिकुल ऑडिटोरियम में रविवार को जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन और युवा कल्याण विभाग, प्रांतीय रक्षक दल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में जिले के सभी विकासखंडों से पहुंचे युवाओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के सांस्कृतिक ट्रैक के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

दीप प्रज्वलित कर कैबिनेट मंत्री ने किया शुभारंभ (Haridwar)
कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, गायन, भाषण, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, पेंटिंग और कविता लेखन सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। युवाओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक पेश की।
युवाओं को मिल रहा आगे बढ़ने का मंच
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि आज का युवा नई ऊर्जा और संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के युवा जिला और राज्य स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड खेल भूमि के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक स्टेडियम और राष्ट्रीय स्तर के खेल परिसरों का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और नए अवसर हासिल करने का मंच देते हैं।
यह भी पढ़ें: Haridwar: रुड़की से हरिद्वार तक सड़क कार्यों का DM ने किया निरीक्षण
राज्य स्तर पर मिलेगा प्रतिभाग करने का अवसर (Haridwar News)
आयोजकों के अनुसार, जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को बड़े मंच पर प्रदर्शन करने और अपनी कला को और निखारने का मौका मिलेगा।
कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद चंद पांड्ये, मुकेश भट्ट, पूनम मिश्रा, हिमांशु गुप्ता, चंद्रमोहन मिश्रा, शिवकुमार कश्यप, ऋचा गुप्ता और संध्या सहित विभिन्न विकासखंडों से आए प्रतिभागी, स्थानीय नागरिक और युवा कल्याण विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
