Haridwar Kumbh Mela: निर्माण कार्यों में देरी पर होगी सख्त कार्रवाई- मंडलायुक्त

हरिद्वार

Haridwar Kumbh Mela: कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध पूरा करने के लिए मंडलायुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने सोमवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। देर शाम तक चले निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिड़ियापुर, गौरीशंकर द्वीप, बैरागी कैंप और देवपुरा क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति परखी। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य युद्धस्तर पर कराने और तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि निर्माण में देरी या गुणवत्ता से समझौता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों से मांगी दैनिक प्रगति रिपोर्ट (Haridwar Kumbh Mela)

मंडलायुक्त ने कहा कि कुंभ जैसे बड़े आयोजन के लिए सभी आधारभूत सुविधाओं का समय पर तैयार होना जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही शेष कार्यों को पूरा करने के लिए दिनवार लक्ष्य और कार्ययोजना भी मांगी।

उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण स्थलों पर नियमित मौजूदगी रखने और काम की लगातार निगरानी करने को कहा, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

चिड़ियापुर स्वागत द्वार और गौरीशंकर द्वीप में पुल का निरीक्षण

निरीक्षण की शुरुआत चिड़ियापुर में निर्माणाधीन स्वागत द्वार से हुई। मंडलायुक्त ने कार्य की स्थिति का जायजा लेते हुए इसे तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: Haridwar: हरकी पैड़ी से पोस्ट ऑफिस तक अतिक्रमण हटाने का अभियान

इसके बाद उन्होंने गौरीशंकर द्वीप में बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए गंगा नदी पर बनाए जा रहे अस्थायी पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह पुल श्रद्धालुओं और अन्य लोगों की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण होगा। इसलिए इसके निर्माण में मजबूती, सुरक्षा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

गौरीशंकर सेक्टर में शिविर स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा

मंडलायुक्त ने गौरीशंकर सेक्टर में शिविर स्थलों को तैयार करने के लिए चल रहे ड्रेसिंग और लेवलिंग कार्यों के साथ सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने गंगा कैनाल पर बैली ब्रिज के निर्माण की स्थिति की जानकारी भी ली।

उन्होंने कहा कि गौरीशंकर और बैरागी कैंप कुंभ के प्रमुख शिविर क्षेत्र हैं। यहां श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और विभिन्न संस्थाओं के शिविरों के लिए जरूरी सुविधाएं समय रहते विकसित की जाएं।

देवपुरा में सौंदर्यीकरण और फसाड विकास कार्यों का जायजा (Haridwar Kumbh Mela News)

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने देवपुरा क्षेत्र में चल रहे सौंदर्यीकरण और फसाड विकास कार्यों को भी देखा। उन्होंने भवनों और दीवारों पर निर्धारित रंग योजना के अनुरूप पेंटिंग कराने तथा उपयुक्त स्थानों पर आकर्षक चित्रांकन करने के निर्देश दिए, ताकि कुंभ के दौरान शहर की सुंदरता और बेहतर दिखाई दे।

मंडलायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ काम करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की समयसीमा के साथ उनकी गुणवत्ता और उपयोगिता भी सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञ समन्वयक गंगा प्रसाद पंत, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media