Haridwar: खाद्य सुरक्षा विभाग ने 35 पैकेट पेड़ा की बिक्री रुकवाई

हरिद्वार

Haridwar: त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरिद्वार के शिवालिक नगर, इकबालपुर, मंगलौर और झबरेड़ा में जांच अभियान चलाया। इस दौरान मिठाई निर्माण इकाइयों और दुकानों का निरीक्षण किया गया। अनियमितताएं मिलने पर एक निर्माण इकाई को नोटिस जारी किया गया, जबकि 35 पैकेट पेड़ा मिठाई मौके से हटवाकर उनकी बिक्री पर रोक लगा दी गई।

मिठाई निर्माण इकाई में मिलीं कई अनियमितताएं (Haridwar)

आयुक्त खाद्य सुरक्षा विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की टीम ने शिवालिक नगर और इकबालपुर क्षेत्र में कार्रवाई की।

पथरी थाना पुलिस से मिली सूचना के आधार पर एक मिठाई निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। यहां से खुले रसगुल्ले और खुले गुलाब जामुन के दो नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। निरीक्षण में अनिवार्य दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके अलावा मिठाइयों के बड़े डिब्बे ढके हुए नहीं मिले और गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था भी नहीं थी।

यह भी पढ़ें: Haridwar: अपर मेलाधिकारी ने घाटों और हाथीपुल के कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

इन कमियों पर इकाई को मौके पर नोटिस जारी किया गया। साथ ही साफ-सफाई और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने तक मिठाइयों का निर्माण, भंडारण और बिक्री बंद रखने के निर्देश दिए गए।

35 पैकेट पेड़ा मिठाई की बिक्री पर रोक

शिवालिक नगर स्थित एक रिटेल स्टोर से पेड़ा मिठाई का नमूना जांच के लिए लिया गया। जांच में सामने आया कि प्रतिष्ठान के खाद्य पंजीकरण में मिठाई की श्रेणी शामिल नहीं थी। इस पर पंजीकरण में आवश्यक संशोधन होने तक मिठाई के भंडारण और बिक्री पर रोक लगा दी गई।

यह भी पढ़ें:

इसके अलावा पैकेटों पर निर्माता का नाम और पता अंकित नहीं था। इस कारण 400 ग्राम के 11 और 800 ग्राम के 23 पैकेट सहित कुल 35 पैकेट मौके से हटवा दिए गए।

मोबाइल फूड वैन से 82 खाद्य पदार्थों की जांच (Haridwar News)

दूसरी ओर, उपायुक्त लैब वीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार की टीम ने मंगलौर और झबरेड़ा में मोबाइल फूड वैन के माध्यम से जांच अभियान चलाया। इस दौरान मिठाई, खाद्य तेल और नमकीन समेत कुल 82 खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इनमें से 15 खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिन्हें मौके से हटवा दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media