CM Dhami: बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान तेज करने पर जोर

देहरादूनहरिद्वार

CM Dhami: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए राजनीतिक दलों ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज करनी शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार में भारतीय जनता पार्टी के संयुक्त मोर्चा और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर (CM Dhami)

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जनता से लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्यकर्ताओं को स्थानीय समस्याओं और लोगों की जरूरतों को समझते हुए संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाना चाहिए।

यह भी पढ़ें: Haridwar: हरिद्वार में सरकारी योजनाओं की निगरानी होगी आसान

सरकार की योजनाएं घर-घर पहुंचाने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और रोजगार के क्षेत्र में उठाए गए कदमों का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन, निवेश, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।

सभी मोर्चों को सक्रिय रहने के निर्देश (CM Dhami News)

मुख्यमंत्री ने युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा सहित सभी संगठनों के पदाधिकारियों से जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार के कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सभी कार्यकर्ताओं को एकजुटता और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभानी होंगी।

बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद एवं प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्रनाथ शर्मा सहित विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media