Haridwar: कुंभ-2027 का आगाज! हरिद्वार पहुंचे जूना अखाड़े के रमता पंच

Haridwar: हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच धार्मिक गतिविधियों ने भी रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। मंगलवार शाम श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात ने हरिद्वार में नगर प्रवेश किया। इसके साथ ही कुंभ से जुड़ी अखाड़ों की पारंपरिक धार्मिक गतिविधियों का औपचारिक शुभारंभ हो गया।

बैंड-बाजे और पुष्पवर्षा से हुआ संतों का स्वागत (Haridwar)
जूना अखाड़े के रमता पंचों के हरिद्वार पहुंचने पर चंडी चौक में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। बैंड-बाजे की धुन, पुष्पवर्षा और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। इस दौरान बड़ी संख्या में साधु-संतों, नागा साधुओं, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही।
स्वागत कार्यक्रम में मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल और अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार सहित मेला एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने संतों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
यह भी पढ़ें: Dehradun: हरिपुर कलां में पार्किंग विवाद! एक पक्ष पर पांच राउंड फायरिंग का आरोप
इस अवसर पर जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष महंत प्रेम गिरी, उपाचार्य ब्रह्मनिष्ठ सुश्री कपिलपुरी, प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि सहित अखाड़े के कई वरिष्ठ संत और नागा साधु उपस्थित रहे।
क्या होती है रमता पंचों की भूमिका?
अखाड़ों की धार्मिक परंपराओं में रमता पंचों का विशेष महत्व है। यह वरिष्ठ संतों और प्रतिनिधियों का समूह होता है, जो कुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान अखाड़े की परंपराओं के अनुसार विभिन्न स्थानों की यात्रा करता है। कुंभ में छावनी स्थापना, धार्मिक अनुष्ठानों और अन्य पारंपरिक गतिविधियों के संचालन में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
दिसंबर में होगा भूमिपूजन, जनवरी में पेशवाई
जूना अखाड़े के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 दिसंबर 2026 को कुंभ मेला क्षेत्र में छावनी स्थापना के लिए भूमिपूजन किया जाएगा। इसके बाद 23 दिसंबर को धर्मध्वजा स्थापना और 14 जनवरी 2027 को भव्य पेशवाई निकाली जाएगी। रमता पंचों के आगमन के बाद अब अखाड़ों की छावनियों और अन्य धार्मिक आयोजनों की तैयारियां आगे बढ़ेंगी।
अखाड़ों को सुविधाएं देने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ-2027 की तैयारियां अखाड़ों और साधु-संतों के साथ समन्वय बनाकर की जा रही हैं। अखाड़ों की धार्मिक परंपराओं का सम्मान करते हुए उन्हें आवश्यक सुविधाएं, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुसार कुंभ की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम व्यवस्थाएं मिल सकें।
कुंभ-2027 के प्रमुख स्नान पर्वों की शुरुआत 14 जनवरी को मकर संक्रांति से होगी। वहीं 6 मार्च, 8 मार्च और 14 अप्रैल को अमृत स्नान निर्धारित हैं। 15 मार्च को देव डोलियों का अमृत स्नान भी आयोजित होगा। ऐसे में रमता पंचों के नगर प्रवेश को कुंभ की धार्मिक तैयारियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है।
