Haridwar: PCS परीक्षा की तैयारी तेज, 52 केंद्रों पर बैठेंगे 20,958 अभ्यर्थी

हरिद्वार

Haridwar: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 29 नवंबर (रविवार) को होने वाली इस परीक्षा में जिले के 52 केंद्रों पर कुल 20,958 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर परीक्षा सामग्री के परिवहन तक की व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है।

रुड़की और हरिद्वार में बनाए गए केंद्र (Haridwar)

परीक्षा के लिए रुड़की क्षेत्र में 16 और हरिद्वार क्षेत्र में 36 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। रुड़की में 6,494 जबकि हरिद्वार में 13,464 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित की गई है।

यह भी पढ़ें: Haridwar: तैयार होगा नया रास्ता, धनुष पुल से बैरागी कैंप तक बढ़ेगा आस्थापथ

परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं

परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों का पहले से निरीक्षण कर बिजली, पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन और किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। अभ्यर्थियों की प्रवेश के समय निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सघन जांच भी की जाएगी।

डेढ़ घंटे पहले पहुंचना होगा केंद्र पर (Haridwar News)

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के अवर सचिव आशीष जायसवाल ने बताया कि आयोग की ओर से परीक्षा आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। प्रश्नपत्रों और अन्य गोपनीय सामग्री के सुरक्षित रखरखाव एवं परिवहन के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।

रुड़की में परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं डाकघर में जमा कराई जाएंगी, जबकि हरिद्वार के केंद्रों की उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा समाप्त होने के बाद संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट आयोग कार्यालय में जमा कराएंगे। बैठक में एसपी क्राइम निशा यादव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media