Haridwar: जनता परेशान और अधिकारी बेलगाम! भूपतवाला में BJP नेताओं का प्रदर्शन

Haridwar: अघोषित बिजली कटौती और बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती, जर्जर बिजली तारों और खराब ट्रांसफार्मरों को लेकर नाराजगी जताई। साथ ही जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

अघोषित बिजली कटौती पर जताई नाराजगी (Haridwar)
भाजयुमो के पूर्व जिला महामंत्री विदित शर्मा ने कहा कि बिजली कटौती से युवाओं और व्यापारियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने बिजली विभाग से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग करते हुए कहा कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो युवा मोर्चा बड़ा आंदोलन करेगा।
यह भी पढ़ें: Roorkee Murder: रूड़की में भाई ने बहन और पड़ोसी को मारी गोली
धरने के दौरान पार्षद आकाश भाटी ने कहा कि क्षेत्र में घंटों अघोषित बिजली कटौती हो रही है। उनका आरोप है कि स्थानीय लोगों की शिकायतों के बावजूद समस्या का उचित समाधान नहीं किया जा रहा है।
जर्जर तार और खराब ट्रांसफार्मरों का मुद्दा
राम अवतार शर्मा ने जर्जर बिजली तारों और खराब ट्रांसफार्मरों का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन समस्याओं के कारण हादसों का खतरा बना हुआ है और शिकायतों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।
वहीं, धर्मशाला समिति के अध्यक्ष ने कहा कि बिजली संकट के कारण धर्मशालाओं और श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने धार्मिक नगरी हरिद्वार में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी (Haridwar News)
भाजपा नेताओं ने कहा कि बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार किया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि अघोषित बिजली कटौती और अन्य समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरने में महंत हीरादास महाराज, अर्जुन सिंह राणा, विकास गोस्वामी, मुकेश जोशी, गोदरेज चौधरी, राज चौधरी, युद्धवीर सिंह राणा, नितिन शर्मा, पुष्पेन्द्र शर्मा, मनोज जोशी और विकास शर्मा समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
