Haridwar Kumbh: 15वें दिन भी चला स्वच्छता अभियान

Haridwar Kumbh: कुंभ मेला-2027 से पहले हरिद्वार के गंगा घाटों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाने के लिए चलाया जा रहा विशेष स्वच्छता महाअभियान बुधवार को 15वें दिन भी जारी रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में कुंभ मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अमरपुर घाट पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान घाट और आसपास के क्षेत्र से करीब दो टन कचरा एकत्रित किया गया।

अमरपुर घाट पर जुटे विभिन्न संस्थानों के लोग (Haridwar Kumbh)
अभियान में जिला प्रशासन, एसबीएमए, डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स, आदर्श युवा समिति, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम, आईटीसी मिशन सुनहरा कल, एसएमजेएन कॉलेज के छात्र-छात्राओं, नगर निगम हरिद्वार और आपदा प्रबंधन टीम ने हिस्सा लिया।
यह भी पढ़ें: Haridwar: IIA रुड़की चैप्टर के औद्योगिक सम्मेलन में सरकार और उद्योग जगत के बीच हुआ संवाद
विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने घाट तथा आसपास के क्षेत्रों में सफाई की। अभियान के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से भी कचरा उठाया गया। एकत्रित अपशिष्ट को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से निर्धारित स्थान तक पहुंचाया गया और उचित निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपा गया।
कुंभ से पहले घाटों को स्वच्छ बनाने की तैयारी
जिला प्रशासन की ओर से कुंभ मेला-2027 (kumbh 2027) से पहले गंगा घाटों, मंदिर परिसरों और सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।
अभियान में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों, पर्यावरण मित्रों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी की।
गंगा में कचरा न डालने की अपील (Haridwar Kumbh News)
जिला प्रशासन ने आमजन और सामाजिक संगठनों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि गंगा घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं।
प्रशासन ने कपड़ों और अन्य अपशिष्ट सामग्री को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर जमा कराने का आग्रह किया, ताकि गंगा की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखी जा सके।
