Haridwar: कुंभ-2027 की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश

हरिद्वार

Haridwar: कुंभ-2027 के आयोजन में अब कुछ ही महीने शेष हैं। ऐसे में मेला प्रशासन ने स्थाई और अस्थाई निर्माण कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए निगरानी और सख्ती बढ़ा दी है। मेलाधिकारी सोनिका ने सीसीआर सभागार में विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब किसी भी स्तर पर काम में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ने पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर दिन-रात निर्माण कार्य कराए जाएं।

रात में भी निर्माण स्थलों पर पहुंचेंगे अधिकारी (Haridwar)

मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए मेला प्रशासन और सेक्टरों में तैनात अधिकारी रात के समय भी स्थलीय निरीक्षण करें। अधिकारी नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे, ताकि जहां भी काम धीमा है या कोई कमी सामने आती है, उसे तत्काल दूर कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार काम पूरा करें। निर्माण कार्यों की गति के साथ उनकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

सात अस्थाई पार्किंग का निर्माण तत्काल शुरू करने के निर्देश

कुंभ मेले के दौरान यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए प्रस्तावित सात अस्थाई कोर एरिया पार्किंग का निर्माण तत्काल शुरू कराने को कहा गया है। इसके अलावा सभी सेक्टरों में शिविर स्थलों को तैयार करने और वहां बिजली, पेयजल, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें: Haridwar Kumbh: कुंभ की तैयारियों का जायजा लेने उतरे अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार

शिविर स्थलों की ड्रेसिंग और लेवलिंग के साथ संपर्क मार्गों और अस्थाई पुलों का निर्माण भी तेजी से पूरा कराने को कहा गया है।

19 अस्थाई पुल और तीन हजार से अधिक बिजली के पोल लगाए जा रहे

समीक्षा बैठक में सामने आया कि कुंभ मेला व्यवस्थाओं के लिए हरिद्वार में कुल 19 अस्थाई पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, अस्थाई विद्युतीकरण के लिए तीन हजार से अधिक विद्युत पोल लगाए जा रहे हैं। विभिन्न सेक्टरों में शिविर स्थलों के समतलीकरण और साफ-सफाई का काम भी जारी है। इन स्थलों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए अस्थाई सड़कें बनाई जा रही हैं और पेयजल लाइनें बिछाई जा रही हैं।

सड़कों पर मलबा मिला तो कार्यदायी संस्था पर होगी कार्रवाई (Haridwar News)

मेलाधिकारी ने निर्माण कार्य पूरा होने या अंतिम चरण में पहुंचने के बाद संबंधित स्थल से निर्माण सामग्री और मलबा तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर मलबा या निर्माण सामग्री पड़ी मिलने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निर्माण के साथ स्थल को साफ और व्यवस्थित रखना भी संबंधित संस्था की जिम्मेदारी होगी।

बैरागी कैंप और पंतद्वीप में काम अंतिम चरण में

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि बैरागी कैंप, गौरीशंकर, दक्षद्वीप और पंतद्वीप समेत प्रमुख सेक्टरों में अधिकांश कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं। इन क्षेत्रों में टेंट और शौचालय स्थापित करने का काम भी शुरू हो गया है।

बैठक में अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह समेत सिंचाई, लोक निर्माण विभाग और टेक्निकल सेल के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media