Haridwar: कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए प्रशासन ने कसी कमर

हरिद्वार

Haridwar: कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 24 नवंबर को होने वाले स्नान पर्व में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को 8 जोन और 30 सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।

23 नवंबर से संभालेंगे मोर्चा, प्रमुख क्षेत्रों में रहेगी निगरानी (Haridwar)

प्रशासनिक आदेश के अनुसार, 23 नवंबर सुबह 10 बजे से 24 नवंबर को स्नान पर्व की समाप्ति तक जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने निर्धारित क्षेत्रों में तैनात रहेंगे। हरकी पैड़ी, नाई सोता घाट, सुभाष घाट, बाईपास, खड़खड़ी, अपर रोड, सिंहद्वार और मनसा देवी मंदिर को आठ जोन बनाया गया है।

इन क्षेत्रों की जिम्मेदारी हरि गिरि, मंजीत सिंह, आकाश जोशी, योगेश कुमार, गोपाल राम बिनवाल, अतुल प्रताप सिंह, खुशवंत सिंह चौहान और योगेश मेहरा को सौंपी गई है। वहीं, 30 सेक्टरों में प्रमुख घाटों, पार्किंग स्थलों, रेलवे स्टेशन, ऋषिकुल, बैरागी कैंप और मनसा देवी मंदिर सहित विभिन्न क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम

स्नान पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रोशनाबाद स्थित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह 23 नवंबर से 24 घंटे संचालित रहेगा।

प्रशासन ने कंट्रोल रूम का नंबर 7351428593 जारी किया है। सभी तैनात अधिकारियों को मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रखने और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें: CM Dhami Haridwar: अमरापुर घाट पर सीएम धामी ने छोड़े 10 हजार मत्स्य बीज

घाटों से अस्पतालों तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को प्रमुख स्नान घाटों पर पर्याप्त चिकित्सक, स्टाफ और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा है। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, जल संस्थान और जल निगम को पर्याप्त पेयजल तथा सिंचाई विभाग को घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा अग्निशमन विभाग को आपातकालीन तैयारियां रखने और नगर निगम को घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया है। अपर रोड सहित प्रमुख मार्गों पर यातायात और पार्किंग प्रबंधन के साथ मनसा देवी मंदिर की ट्रॉली एवं पैदल मार्ग पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।

ड्यूटी में लापरवाही पर होगी कार्रवाई (Haridwar News)

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया है कि कोई भी तैनात अधिकारी बिना अनुमति अपना कार्यक्षेत्र नहीं छोड़ेगा। ड्यूटी से अनुपस्थित रहने या लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य कार्तिक पूर्णिमा स्नान को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media