Haridwar: 10वें दिन भी जारी रहा स्वच्छता महाअभियान, जुटाया 10 टन कूड़ा

हरिद्वार

Haridwar: कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन का विशेष स्वच्छता महाअभियान शुक्रवार को 10वें दिन भी जारी रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में कुंभ मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में चल रहे अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई की गई। इस दौरान करीब 10 टन कूड़ा और अपशिष्ट सामग्री एकत्रित कर उचित निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपी गई।

कुशा घाट से हनुमान घाट तक चला सफाई अभियान (Haridwar)

नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में नगर निगम के कार्मिकों और पर्यावरण मित्रों ने कुशा घाट से हनुमान घाट तक विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई करते हुए करीब 8 टन कूड़ा एकत्रित किया गया। वहीं, शहर के अन्य स्थानों पर विभिन्न संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों की ओर से संचालित सफाई गतिविधियों में लगभग 2 टन कूड़ा एकत्र हुआ। इस तरह पूरे अभियान में करीब 10 टन अपशिष्ट सामग्री जुटाई गई।

सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवकों ने भी संभाली जिम्मेदारी

अभियान में नगर निगम के साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों ने भी भागीदारी की। आरएम सिडकुल के नेतृत्व में सिडकुल क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया। घाटी क्षेत्र में गंगा सेवा ट्रस्ट के 10 स्वयंसेवकों ने योगदान दिया, जबकि विष्णु घाट पर सोनिया फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के 35 स्वयंसेवकों ने सफाई की।

यह भी पढ़ें: Haridwar News: परिवहन विभाग ने 120 वाहनों के किए चालान

इसके अलावा बाबा बंसी वाले के 2, बहुउद्देश्यीय सेवा संस्थान के 3, कुष्ठ लाल आश्रम के 4, रामराज ग्रामोद्योग संस्थान के 4, भुवनेश्वरी आश्रम के 6 और विलेज डेवलपमेंट के 10 स्वयंसेवकों ने अलग-अलग स्थानों पर सफाई अभियान में सहयोग किया। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के 10 सदस्यों ने अस्थि प्रवाह घाट और नई घाट पर स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया।

घाटों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाने पर जोर (Haridwar News)

कुंभ मेले से पहले गंगा घाटों, मंदिर परिसरों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इन गतिविधियों में विभागीय कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवियों को भी जोड़ा जा रहा है।

जिला प्रशासन ने आमजन और सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। लोगों से गंगा घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने तथा कपड़े और अन्य अपशिष्ट सामग्री गंगा में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर जमा कराने का आग्रह किया गया है, ताकि उनका उचित निस्तारण किया जा सके। प्रशासन का कहना है कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media