Haridwar: SIR अभियान की समीक्षा, DM मयूर दीक्षित ने दिए निर्देश

Haridwar: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए चल रही प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की गई।
तीसरे चरण के दावे और आपत्तियों पर हुई चर्चा (Haridwar)
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में SIR अभियान के तीसरे चरण के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों की सुनवाई बीएलओ और एईआरओ स्तर पर की जा रही है। दर्ज आपत्तियों के संबंध में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान राजनीतिक दलों की ओर से भी पूरा सहयोग मिल रहा है, जिससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने में मदद मिल रही है।
यह भी पढ़ें: Uttarakhand: हंगरी तक गूंजेगी लक्सर की आवाज! बड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे प्रमोद खारी
नाम या पते में गलती पर न हों परेशान
डीएम मयूर दीक्षित ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि नाम में संशोधन, पते में त्रुटि या अन्य किसी जानकारी में बदलाव की जरूरत होने पर घबराने की आवश्यकता नहीं है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 अभिलेखों में से किसी एक अभिलेख को उपलब्ध कराकर संबंधित समस्या का समाधान कराया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि किसी मतदाता को SIR प्रक्रिया के संबंध में कोई परेशानी होती है तो वह अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर समस्या का समाधान करा सकता है।
पात्र मतदाताओं का नाम नहीं हटेगा (Haridwar News)
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटाया नहीं जाएगा। उन्होंने SIR प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा करने और पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने पर जोर दिया।
बैठक में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत, पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद, झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार जाति सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी/उप मेलाधिकारी कुंभ आकाश जोशी सहित संबंधित अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
