Haridwar: परिवहन विभाग का अभियान! स्कूलों और प्रमुख मार्गों पर हुई जांच
Haridwar: जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग का विशेष जांच अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में दूसरे दिन भी स्कूल बसों और अन्य विद्यालय वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान का उद्देश्य विद्यालयी बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और सभी विद्यालय वाहनों में मोटरयान अधिनियम एवं शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन कराना है।
विभिन्न स्कूलों और प्रमुख मार्गों पर हुई जांच (Haridwar)
अभियान के दूसरे दिन परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने जिले के विभिन्न विद्यालयों और प्रमुख मार्गों पर संचालित स्कूल बसों एवं अन्य विद्यालय वाहनों का गहन निरीक्षण किया। जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, लेडी अटेंडेंट सहित अन्य अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई।
यह भी पढ़ें: Haridwar News: 216 ढाबों की जांच, 8 बिना फूड लाइसेंस के मिले
नियमों का उल्लंघन करने पर 45 वाहनों के चालान
निरीक्षण के दौरान कई विद्यालय वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर कुल 45 विद्यालय वाहनों के चालान मोटरयान अधिनियम के तहत किए गए।
परिवहन विभाग के अनुसार, प्रमुख अनियमितताओं में फिटनेस प्रमाणपत्र का अभाव, परमिट संबंधी गड़बड़ियां, चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस की कमी, अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट एड बॉक्स का उपलब्ध न होना तथा निर्धारित मानकों के अनुसार लेडी अटेंडेंट की अनुपस्थिति शामिल रही।
विद्यालय प्रबंधन को दी गई सख्त चेतावनी (Haridwar News)
अभियान के दौरान विद्यालय प्रबंधन और वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विद्यालय वाहनों का संचालन केवल वैध दस्तावेजों और अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों के साथ ही किया जाए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी या नियमों के उल्लंघन पर भविष्य में और भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Haridwar: स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई
आगे भी जारी रहेगा विशेष अभियान
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयी बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष प्रवर्तन अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का पालन नहीं करने वाले विद्यालय वाहनों के खिलाफ बिना किसी ढील के सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आज के अभियान में परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती, परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी और परिवहन उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सहित परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही।

