Uttarakhand Police: हरिद्वार में आदतन अपराधी पर पुलिस का शिकंजा

उत्तराखंडहरिद्वार

Uttarakhand Police: हरिद्वार में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले आदतन अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। इसी कड़ी में कोतवाली नगर पुलिस ने एक शातिर अपराधी के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई करते हुए उसे एक महीने के लिए हरिद्वार की सीमाओं से बाहर कर दिया। पुलिस ने नियमानुसार मुनादी कराकर जिला बदर के आदेश की तामील भी कराई।

गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई (Uttarakhand Police)

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में समाज विरोधी गतिविधियों और आपराधिक मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस ने एक आदतन अपराधी के खिलाफ गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत प्रभावी पैरवी की।

पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई और पैरवी के बाद जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय, हरिद्वार ने सुनील पुत्र समय सिंह के विरुद्ध एक माह के लिए जिला बदर किए जाने के आदेश जारी किए।

यह भी पढ़ें: Haridwar News: गौकशी की तैयारी कर रहा वांछित आरोपी पैर में गोली लगने से घायल

मुनादी कराकर कराया गया आदेश का पालन

न्यायालय से आदेश प्राप्त होने के बाद कोतवाली नगर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को नियमानुसार जिला बदर के आदेश की तामील कराई। इसके बाद सार्वजनिक रूप से मुनादी कराते हुए उसे जनपद हरिद्वार की सीमाओं से बाहर कर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आदतन और शातिर अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

काशीपुरा का रहने वाला है जिला बदर किया गया व्यक्ति (Uttarakhand Police News)

जिला बदर किया गया व्यक्ति सुनील पुत्र समय सिंह (45 वर्ष) है। वह मोहल्ला काशीपुरा, मंशा देवी मार्ग, कोतवाली नगर, हरिद्वार का निवासी है। न्यायालय के आदेश के अनुसार उसे एक महीने तक जनपद की सीमाओं से बाहर रहना होगा।

पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow us on Social Media