Haridwar: अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने किया घाट निर्माण कार्यों का निरीक्षण

Haridwar: कुंभ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के लिए बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं देने की तैयारी तेज हो गई है। इसी कड़ी में बहादराबाद और ज्वालापुर क्षेत्र में नए घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। मंगलवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने निर्माणाधीन घाटों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

तीन स्थानों पर हो रहा घाटों का निर्माण (Haridwar)
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने बहादराबाद में बैरियर संख्या छह के पास बन रहे छठ पूजा घाट का जायजा लिया। यहां करीब 200 मीटर लंबे घाट का निर्माण किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Haridwar Diwali: हरिद्वार में 50 लोगों को दिया गया माटीकला का प्रशिक्षण
इसके अलावा ज्वालापुर में जटवाड़ा पुल के अपस्ट्रीम क्षेत्र में लगभग 300 मीटर लंबा घाट बनाया जा रहा है। वहीं, दुर्गा मंदिर के पास करीब 30 मीटर लंबे घाट का निर्माण कार्य भी जारी है। इन घाटों के बनने से स्थानीय लोगों के साथ धार्मिक आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं को भी गंगा स्नान के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा।
गंगनहर बंदी के दौरान काम में तेजी लाने के निर्देश
अपर मेलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने खास तौर पर कहा कि गंगनहर बंदी के दौरान घाटों के उन हिस्सों का निर्माण प्राथमिकता से पूरा किया जाए, जो सामान्य दिनों में पानी में डूबे रहते हैं।
उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता (haridwar kumbh 2027) की जांच के लिए समय-समय पर थर्ड पार्टी निरीक्षण कराने पर भी जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि घाटों का निर्माण इस तरह किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक स्नान की सुविधा मिल सके।
स्थानीय लोगों ने जताया आभार (Haridwar Kumbh News)
ज्वालापुर के स्थानीय निवासियों और मंदिर समिति के सदस्यों ने घाट निर्माण कार्य शुरू होने पर राज्य सरकार और मेला प्रशासन का आभार जताया। उनका कहना है कि इन घाटों की मांग लंबे समय से की जा रही थी। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
